नियमितीकरण और 30 हजार मानदेय की मांग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने तेज किया आंदोलन
कोण्डागांव- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। आंदोलन के अंतिम दिन 19 नवंबर को डीएनके ग्राउंड से अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी।
संघ की जिला अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा राय ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष मांगें रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं हुआ है। इसी के विरोध में संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है।
संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का नियमितीकरण और नियमितीकरण होने तक 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देना शामिल है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को आयु सीमा में छूट देकर रिक्त 200 से अधिक पर्यवेक्षक पदों में बिना परीक्षा पदोन्नति देने तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग की गई है। सेवा समाप्ति के बाद 10 लाख रुपये एकमुश्त राशि देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।
वहीं विशेष मांगों में पोषण ट्रैकर सहित अन्य एप पर काम करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले 5G मोबाइल, इंटरनेट भत्ता 500 रुपये प्रतिमाह करने, मुनगा एप पर कार्य नहीं लेने तथा महतारी वंदन योजना के कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि देने की मांग शामिल है। इसके साथ ही सितंबर और अक्टूबर 2026 का कुल 4500 रुपये लंबित मानदेय जारी करने की मांग की गई है।
संघ ने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण में 11 और 12 दिसंबर को प्रांत स्तरीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगी।
Reported by RITESH PATEL · कोंडागांव