समावेशी नीति संकल्प कार्यशाला में शामिल हुईं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सामाजिक सशक्तीकरण पर हुआ मंथन
मोहन प्रताप सिंह
सूरजपुर/:–छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 19 नवंबर को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘समावेशी नीति संकल्प’ समाज कल्याण मंत्रियों की कार्यशाला में सहभागिता की। कार्यशाला में समाज के वंचित, शोषित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान, सामाजिक सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर समाज कल्याण एवं वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान पर विशेष जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में आयोजित कार्यशाला में विभिन्न राज्यों के समाज कल्याण मंत्रियों ने समाज के वंचित, शोषित एवं जरूरतमंद वर्गों के समग्र विकास और सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। विभिन्न राज्यों की सफल कार्यप्रणालियों और नवाचारों को साझा करते हुए इस बात पर जोर दिया गया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे।
शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर चर्चा
कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय एवं स्टैंड-अप इंडिया जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
छत्तीसगढ़ की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रयासों को किया साझा
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कार्यशाला में छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तीकरण, कुपोषण मुक्ति, मातृ एवं शिशु कल्याण तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में प्राप्त मार्गदर्शन और विभिन्न राज्यों के अनुभव छत्तीसगढ़ में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
*विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विचारों से समाज के प्रत्येक वंचित और जरूरतमंद व्यक्ति तक विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यशाला के दौरान आयोजित विशेष सत्रों एवं रात्रिभोज में भी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सहभागिता की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब सहित विभिन्न राज्यों के मंत्रीगण उपस्थित रहे।
Reported by RITESH PATEL · सूरजपुर