Rudrapath Advertisement
Rudrapath
छत्तीसगढ़

पटवारी संघ की जायज मांगों के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी ने भरी हुंकार, पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम हुए शामिल

कोंडागांव -आज जिला मुख्यालय कोण्डागांव में विगत 13 अक्टूबर 2026 से अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे जिला पटवारी संघ के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव के पदाधिकारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री मोहन मरकाम जी पहुंचे। इस दौरान कांग्रेसजनों ने पटवारी संघ की जायज मांगों का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री मोहन मरकाम जी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। पटवारी संघ पिछले लगभग 40 दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलनरत है, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। सरकार की इस उदासीनता और हठधर्मिता के कारण आज आम जनता एवं किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। पहले से ही गिरदावरी की समस्या से जूझ रहे किसानों को धान खरीदी के तय समय सीमा में अपनी उपज बेचने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसान अपने जरूरी कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। भाजपानित विष्णुदेव साय सरकार की गलत नीतियों और संवादहीनता का खामियाजा आज प्रदेश के किसान और आम नागरिक भुगत रहे हैं।

श्री मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है। पटवारी संघ की पांच सूत्रीय जायज मांगों के प्रति कांग्रेस पार्टी अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करती है। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर तत्काल पटवारी संघ से संवाद करना चाहिए और उनकी समस्याओं का सम्मानजनक समाधान निकालना चाहिए।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार जनविरोधी और किसान विरोधी सरकार बनकर रह गई है। जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
इस दौरान प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस सचिव श्री शकूर खान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री संजय करन, देवेंद्र कोर्राम, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती हेमा देवांगन, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमति शिल्पा देवांगन सुखराम पोयाम, जेठू पोयाम, अनिल कोर्राम, शहर उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, शहर महामंत्री सनी चोपड़ा, मंडल अध्यक्ष सेवक दीवान, इरसाद खान योगेंद्र राठौर जयराम मरकाम ब्रिज शोरी समलु राम देवांगन सहित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Reported by RITESH PATEL · कोंडागांव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *