समाजसेवा की मिसाल बने रामाराव बघेल, शिक्षा से ग्रामीण विकास तक निभा रहे अहम भूमिका
धमतरी – समाज के विकास में जब सक्षम और जागरूक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आते हैं, तो उनकी छोटी-बड़ी पहल भी बदलाव की बड़ी वजह बन जाती है। शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ऐसा ही सराहनीय योगदान नगरी क्षेत्र के समाजसेवी रामाराव बघेल दे रहे हैं। जरूरतमंदों की मदद से लेकर मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक प्रोत्साहन देने और ग्राम पंचायतों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तक उनके प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं। इसी कड़ी में उनके द्वारा ग्राम पंचायत सिहावा को कंप्यूटर सेट भेंट कर पंचायत की डिजिटल सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।
रामाराव बघेल के इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि समाज के जागरूक एवं सामर्थ्यवान नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण विकास के प्रयासों को नई दिशा और मजबूती मिलती है। रामाराव बघेल द्वारा किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण है। ऐसे प्रयासों से अन्य नागरिक भी अपने गांव और समाज के विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित होंगे।
रामाराव बघेल शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव मानते हैं। इसी सोच के साथ वे क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं। उनकी पहल के तहत कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये तथा कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 41 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उनकी इस पहल से मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक संबल मिलने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों में भी बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह बढ़ रहा है।
शिक्षा और ग्रामीण विकास के अलावा रामाराव बघेल धार्मिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न सामाजिक आयोजनों में भी सक्रिय सहभागिता निभाते हैं। उनका मानना है कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार सामूहिक विकास में योगदान दे। इसी भावना के साथ वे जनहितकारी गतिविधियों में निरंतर सहयोग करते आ रहे हैं। इस दौरान सरपंच उषा देवी नाग उपसरपंच सुनील सिहसार सचिव मदन सेन मौजूद रहे
ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए संचालित 'मेरी पंचायत' के अंतर्गत दानवीर पोर्टल की उपयोगिता पर भी कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से समाजसेवी, दानदाता और इच्छुक नागरिक अपनी ग्राम पंचायतों की जरूरतों के अनुरूप संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग कर सकते हैं। इससे पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा। रामाराव बघेल द्वारा पंचायत को कंप्यूटर सेट प्रदान करना इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। उनका यह प्रयास समाज को संदेश देता है कि गांव के विकास, शिक्षा के प्रोत्साहन और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए केवल शासन-प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सक्षम नागरिक की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
Reported by RITESH PATEL · धमतरी