Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत 29 बालिकाओं ने किया शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण

एमसीबी, 28 अक्टूबर। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब), जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (टी-संवर्ग) की 29 बालिकाओं ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों का भ्रमण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान बालिकाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर, जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल कल्याण समिति की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। संबंधित अधिकारियों ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और सहायता के लिए संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के महत्व तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, मिशन वात्सल्य, स्पॉन्सरशिप योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह की रोकथाम और महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने शिक्षा के महत्व, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा और स्वच्छता जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया। बालिकाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने, आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेने और भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान बालिकाओं ने अधिकारियों से संवाद कर शासकीय सेवाओं एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। यह भ्रमण बालिकाओं के ज्ञानवर्धन, व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक दृष्टिकोण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और स्वल्पाहार के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *