अमेरिका में रहकर भी जन्मभूमि से जुड़ा प्रेम, के.बी. पटेल नर्सिंग कॉलेज ने जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई दीपावली
नागपुर/सरभोका। अमेरिका में रह रहे अप्रवासी भारतीय चंद्रकांत पटेल ने अपनी जन्मभूमि चिरमिरी क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के बीच दीपावली की खुशियां बांटकर सेवाभाव की मिसाल पेश की है। उनके प्रयासों से के.बी. पटेल नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं दूरस्थ और पहुंचविहीन ग्रामीण इलाकों में जाकर जरूरतमंद परिवारों को दीपावली के उपहार वितरित कर रही हैं।
दीपावली उपहार हैम्पर में मिठाइयां, पटाखे, दीपक, तेल, बाती, लाई, बताशे, रंगोली और त्योहार से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री शामिल हैं। इस पहल के तहत कॉलेज की छात्राएं दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल पहुंचकर विशेष रूप से पंडो समुदाय के परिवारों तक उपहार पहुंचा रही हैं।
इस दौरान छात्राएं परिवारों के घरों के द्वार पर आम के पत्तों से बने तोरण लगाती हैं। इसके बाद अपने हाथों से रंगोली बनाकर ग्रामीण परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करती हैं। इस पहल का उद्देश्य उन परिवारों तक भी दीपावली की रौनक पहुंचाना है, जो आर्थिक कठिनाइयों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने के कारण त्योहार को बेहतर तरीके से नहीं मना पाते।
सात समंदर पार, लेकिन जन्मभूमि से अटूट रिश्ता
अमेरिका में रहने के बावजूद चंद्रकांत पटेल का अपनी जन्मभूमि और यहां के लोगों के प्रति लगाव इस सेवा कार्य के माध्यम से सामने आया है। उनकी पहल केवल उपहार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करना और उनके जीवन में त्योहार के अवसर पर सकारात्मकता लाना भी है।
के.बी. पटेल नर्सिंग कॉलेज के प्रबंधक विश्वजीत बारीक के अनुसार, इस पहल के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के घरों तक दीपावली की रोशनी पहुंचाने और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस सेवा कार्य में शामिल कॉलेज की छात्राएं भी उत्साहित हैं। वहीं, ग्रामीण परिवारों ने इस मानवीय पहल की सराहना की है। चंद्रकांत पटेल की यह पहल संदेश देती है कि व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने में रहे, अपनी जन्मभूमि और वहां के जरूरतमंद लोगों के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव बनाए रख सकता है।