Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

अमलीडीह गार्डन का होगा कायाकल्प, तालाब की गंदगी होगी साफ; टूटे दरवाजे और बाउंड्रीवाल की होगी मरम्मत

रायपुर। शहर के अमलीडीह क्षेत्र स्थित गार्डन और तालाब की बदहाल व्यवस्थाओं में सुधार की तैयारी की जा रही है। नगर निगम कमिश्नर समित मिश्रा (आईएएस) ने अपर आयुक्त एवं जोन क्रमांक 10 की कमिश्नर रुचि शर्मा और क्षेत्रीय पार्षद विनय निर्मलकर के साथ गार्डन एवं तालाब परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब की सफाई, गार्डन के मुख्य प्रवेश द्वार के पुनर्निर्माण और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत सहित विभिन्न कार्यों के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने तालाब में फैली गंदगी को दूर करने और गार्डन के पाथवे पर टूट चुके पेवर ब्लॉक को ठीक कराने की बात कही। उन्होंने नागरिकों की मांग पर ओपन जिम और गार्डन की अन्य व्यवस्थाओं में सुधार कर परिसर का कायाकल्प करने के निर्देश भी दिए।

कमिश्नर ने गार्डन परिसर में स्थित सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर उसकी उपयोगिता के संबंध में पार्षद विनय निर्मलकर से जानकारी ली। इस दौरान छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष वेदव्यास मिश्रा, सीनियर सिटीजन समिति के अध्यक्ष टीएस मजूमदार, संरक्षक श्री नायडू, पर्यावरण प्रेमी संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आरडी दाहिया और समाजसेवी रामकुमार साहू सहित अन्य लोगों से चर्चा की गई। कमिश्नर ने सभी से स्वच्छता अभियान में लगातार सहयोग देने की अपील की।

निरीक्षण दल ने बापू की कुटिया का भी दौरा किया, जहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध मनोरंजन सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान विद्याभूषण दुबे ने जनहित में नेकी की दीवार हटाने और गार्डन आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने का आग्रह किया। नागरिकों ने गार्डन के भीतरी हिस्से से कूड़ा एकत्र करने के स्थान को हटाने की मांग भी रखी।

गार्डन में चौकीदार की व्यवस्था की मांग पर निगम कमिश्नर ने सामाजिक संस्थाओं से गार्डन को गोद लेने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने बताया कि गार्डन को गोद लेने वाली संस्था परिसर में अपने प्रचार-प्रसार के लिए बोर्ड और फ्लेक्स भी लगा सकेगी।

कमिश्नर ने कहा कि तालाब, गार्डन और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इसके बाद अपर आयुक्त रुचि शर्मा ने बापू की कुटिया में वरिष्ठ नागरिकों से सौजन्य भेंट की और निरीक्षण दल रवाना हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *