जगदलपुर में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जगदलपुर। मौसम विभाग द्वारा 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मूसलाधार बारिश और जलभराव की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आपदा से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तन्मय खन्ना ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और जनहानि रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते राहत शिविरों में पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रखते हुए अस्पतालों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रसव की संभावित तारीख वाली गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को पहले से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
बिजली और दूरसंचार विभाग को तेज हवाओं से पेड़ या बिजली के खंभे गिरने की स्थिति में सेवाएं जल्द बहाल करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। मार्गों को चालू रखने के लिए तकनीकी दल तैनात रहेंगे। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की अतिरिक्त टीमें भी बुलाई गई हैं। फील्ड में तैनात कर्मचारियों के सामान्य अवकाश निरस्त कर उन्हें मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों की कटी फसलों, बागवानी गतिविधियों और पशुधन की सुरक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड पंजीयन में तेजी लाने तथा तोकापाल और बस्तानार विकासखंडों में विशेष प्रयास करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग और तहसीलदारों के समन्वय से शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र 15 नवंबर तक प्राथमिकता से बनाने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत लगभग नौ हजार आवासों के हितग्राहियों के जॉब कार्ड सत्यापन का काम शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र हितग्राहियों के आवास निर्माण में बाधा न आए। मनरेगा के निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा आगामी बस्तर ओलंपिक में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने, पंजीयन में तेजी लाने तथा राज्योत्सव के लिए विभागीय स्टॉल लगाने की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में अपर कलेक्टर सीपी बघेल, डीआर डाहिरे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।