देश, काल और परिस्थिति के अनुसार दिया गया दान ही उचित: राजेश्री महंत रामसुंदर दास
जांजगीर-चांपा। श्री दूधाधारी मठ रायपुर एवं श्री शिवरीनारायण मठ के पीठाधीश्वर और पूर्व विधायक राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज राजनांदगांव में आयोजित श्री वैष्णव महासभा छत्तीसगढ़ के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम महासभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेंद्र दास के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका पुष्पहार, पुष्पवर्षा, शाल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान लक्ष्मी नारायण की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना से हुई। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज ने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘देशे काले च पात्रे च तद्दानं सात्त्विकं स्मृतम्’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश, काल और परिस्थिति को ध्यान में रखकर दिया गया दान ही उचित माना जाता है।
उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेंद्र दास को बधाई देते हुए कहा कि समाज के लोगों ने उन्हें अपना अमूल्य मत देकर जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें विश्वास है कि वे अपने पद के दायित्वों का निर्वहन करते हुए वैष्णव समाज को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने समाज की प्रतिष्ठा और परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने पूर्वजों से प्राप्त सनातन परंपराओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने वैष्णव समाज के लोगों से तिलक, जनेऊ, शिखा और तुलसी की कंठी धारण करने की परंपरा का निर्वाह करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेंद्र दास ने कहा कि उनका प्रयास वैष्णव समाज को उस ऊंचाई तक पहुंचाना होगा, जिसकी अपेक्षा समाज के लोग करते हैं। उन्होंने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। महासचिव महेंद्र दास ने भी संबोधित करते हुए कार्यकारिणी के गठन की जानकारी दी।
समारोह के दौरान श्रीमती प्रज्ञा निर्वाणी को श्री वैष्णव महासभा छत्तीसगढ़ की महिला प्रदेश अध्यक्ष तथा ईशान वैष्णव को युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव और समाज के कोषाध्यक्ष लाल बंधु वैष्णव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान राजा दिग्विजय दास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के पुरुषों और महिलाओं ने भाग लिया।