Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

नारायणपुर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक, 1 नवंबर को दिल्ली में आंदोलन की तैयारी

नारायणपुर। देश में कथित वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत नारायणपुर में जिला कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। महाराष्ट्र से आए पूर्व विधायक एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक राजेश धोन्डी राम ने राजीव भवन पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं कांग्रेस प्रभारी ने प्रेस को संबोधित किया।

बैठक में राजेश धोन्डी राम ने कहा कि कांग्रेस इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी कर रही है। इसके तहत गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सभाएं तथा नुक्कड़ बैठकें आयोजित कर लोगों को मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), दोहरे पंजीकरण, फॉर्म-6 के कथित दुरुपयोग, चुनाव संबंधी आंकड़ों की पारदर्शिता तथा ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा में चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों का भी उल्लेख किया।

कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। पार्टी ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने, एसआईआर प्रक्रिया स्थगित करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में व्यापक आंदोलन करने की तैयारी कर रही है। अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में नामों से संबंधित मुद्दों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को आम लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई।

कांग्रेस ने कहा कि अभियान के तहत गांव-गांव और बाजारों में जनसंपर्क कर मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *