Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

लाल सलाम के नारों के साथ सीपीआई ने माकड़ी में निकाली बाइक रैली, ग्रामीणों तक पहुंचाई साम्यवादी विचारधारा

कोण्डागांव। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव की ओर से लाल सलाम के नारों के साथ माकड़ी तहसील में बाइक रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की साम्यवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करना तथा किसानों, मजदूरों और आम लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

सीपीआई जिला परिषद कोण्डागांव द्वारा पिछले वर्ष से ही पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मोटरसाइकिल रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य परिषद सदस्य एवं बस्तर संभाग संयोजक कामरेड तिलक पाण्डे के निर्देश पर जिला सचिव कामरेड शैलेष, सहायक सचिव जयप्रकाश एवं दिनेश सहित सोमारू, बिसम्बर, दुबेश, मानसिंग और विभिन्न गांवों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं ने रैली में भाग लिया।

रैली की शुरुआत माकड़ी तहसील के ग्राम एरला से हुई। कार्यकर्ता सीपीआई के लाल झंडे और पार्टी के संघर्ष के प्रतीक हंसिया-हथौड़ा तथा हंसिया-बाली के निशान के साथ लाल सलाम के नारे लगाते हुए तहसील मुख्यालय माकड़ी पहुंचे। रैली ग्राम एरला से निकलकर तौरेंगा, हिरावण्डी, हिरापुर, कुरलूबहार, इंगरा, धारली, उड़ीदगांव, पीढ़ापाल और कलीबेड़ा सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। माकड़ी पहुंचने पर रैली का समापन किया गया।

रैली के दौरान रास्ते में पड़ने वाले गांवों के चौक-चौराहों पर कार्यकर्ता रुके और नारों के माध्यम से ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। पार्टी की ओर से इस आयोजन के जरिए लोगों को बताया गया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की समस्याओं, शोषण, अन्याय तथा अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने की अपनी विचारधारा पर काम कर रही है।

पार्टी कार्यकर्ताओं का उद्देश्य ग्रामीण जनता के बीच संगठन की उपस्थिति दर्ज कराने के साथ ही लोगों को उनके अधिकारों और समस्याओं के प्रति जागरूक करना भी रहा। रैली के माध्यम से सीपीआई ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी विचारधारा और संघर्ष के संदेश को पहुंचाने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *