एमसीबी में जनदर्शन: कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश
एमसीबी, 27 अक्टूबर 2026। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें और मांगें सुनीं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन के दौरान भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेयजल, निर्माण कार्य, नामांतरण, सीमांकन, शासकीय नियुक्ति और अन्य विभागीय सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद और आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदन
जनदर्शन में ग्राम बिछली निवासी संतोष सिंह ने मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण हब के अंतर्गत चयनित जेंडर विशेषज्ञ एसटी पद पर नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की। ग्राम बहरासी के राजेन्द्र सिंह ने ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने, जबकि कोरिया निवासी मंगल प्रसाद ने सेवानिवृत्त पटवारी की पीएफ पासबुक का सत्यापन कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
ग्राम नीदिया निवासी राजेश कुमार ने आर्थिक सहायता की मांग रखी। वहीं, ग्राम काशी टोला निवासी राजू सिंह श्याम ने धान खरीदी केंद्र बदलने का अनुरोध किया। ग्राम बाही निवासी लखनी, झगड़ाखांड निवासी राम प्रसाद और मनेंद्रगढ़ निवासी राजेश्वर राव ने भूमि विवाद एवं नामांतरण से संबंधित समस्याओं के निराकरण की मांग की।
सड़क निर्माण और पंचायत संबंधी मामलों पर सुनवाई
ग्राम जुईली निवासी मोतीलाल ने सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए आवेदन दिया। मानवती ने पंचायत सचिव के अतिरिक्त प्रभार में बदलाव की मांग की। ग्रामवासियों ने विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए। ग्राम साल्ही के सरपंच ने पंचायत के कार्यों में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ग्राम चनवारीडांड निवासी आनंद शर्मा ने शासकीय भूमि के खसरा नंबर 263, 261, 250 और 252 का सीमांकन कराने तथा कथित अतिक्रमण एवं जमीन की खरीद-बिक्री की जांच कराने का अनुरोध किया। उन्होंने शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी रखी।
ऋण स्वीकृति और पेयजल व्यवस्था का मुद्दा उठा
ग्राम केरबहरा निवासी संतोष ने ऋण स्वीकृति में आ रही परेशानी से संबंधित आवेदन दिया, जबकि ग्राम बाही निवासी सामेल ने कुआं निर्माण की स्वीकृति की मांग की।
खोंगापानी निवासी मनीष सिंह ने कोरिया नीर आरओ वाटर एटीएम मशीन के लगातार बंद रहने और बार-बार मोटर खराब होने की समस्या उठाई। उन्होंने नई मोटर स्थापित कर पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता बरती जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।