व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र बैकुंठ में 34वां दीक्षांत समारोह आयोजित, 76 छात्रों को मिले प्रमाण पत्र
तिल्दा-नेवरा। अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र बैकुंठ का 34वां दीक्षांत समारोह स्टाफ क्लब में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यशवंत वर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अंकसूची और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण केंद्र वर्ष 1992 से संचालित हो रहा है। इस केंद्र के माध्यम से अब तक लगभग 2,362 लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्तमान सत्र में केंद्र में 77 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वहीं, 34वें बैच के 76 विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण पूरा किया, जिन्हें समारोह के दौरान अतिथियों ने अंकसूची एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों में अपने भविष्य और रोजगार के अवसरों को लेकर उत्साह देखने को मिला।
समारोह में ग्राम पंचायत कुंदरू के सरपंच यशवंत वर्मा, बहेसर के सरपंच प्रतिनिधि सेवक दास बर्मन, सीजी बोर्ड के प्राचार्य अवधेश पाण्डेय तथा सेंचुरी सीमेंट कॉलेज के प्राचार्य कृष्ण कुमार ठाकुर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल का निरंतर विकास करने और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का उपयोग भविष्य में बेहतर अवसर हासिल करने के लिए करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मानसिक, शारीरिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। साथ ही सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
34वें दीक्षांत समारोह का आयोजन एफएच एचआर प्रतीक भटनागर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीएसआर प्रतिनिधि सोनाली गवारगुर ने किया। इस अवसर पर सीएसआर टीम के दीपेंद्र कुमार मिश्रा, सी.डी. लहरे, मुन्नालाल बर्मन, निरूपा कश्यप, जागृति वर्मा, लोकेश कुमार साहू तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया और उन्हें अपने कौशल के आधार पर भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।