75 दिवसीय बस्तर दशहरा का समापन, माता मावली की डोली और मां दंतेश्वरी के छत्र को दी गई विदाई
जगदलपुर। ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के 75 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का मंगलवार को विधिवत समापन हो गया। राजमहल परिसर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में परंपरागत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बाद माता मावली की डोली तथा मां दंतेश्वरी के छत्र को ससम्मान विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस जवानों ने हर्ष फायरिंग कर सलामी दी, जबकि कलश धारण किए महिलाओं ने मंगल गीत गाकर माता को भावपूर्ण विदाई दी। हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।
विदाई समारोह के लिए दंतेश्वरी मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग को लगभग डेढ़ क्विंटल गेंदे, गुलाब और बासंती फूलों की पंखुड़ियों से सजाया गया था। माता की डोली के प्रस्थान के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और पुष्पवर्षा कर अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर बेल और सागौन की लकड़ी से निर्मित लगभग 15 वर्ष पुरानी डोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। डोली में करीब चार किलोग्राम चांदी, दोनों ओर चांदी की प्रतिमाएं और 45 चांदी के गुब्बे जड़े हुए हैं।
परंपरा के अनुसार, बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव सहित श्रद्धालुओं ने लगभग 20 किलोग्राम वजनी डोली को कंधों पर उठाकर जिया डेरा तक पहुंचाया। इसके बाद डोली और छत्र को दंतेवाड़ा के लिए रवाना किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को बूंदी और लड्डू से तैयार पांच हजार से अधिक पैकेटों में प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, विदाई रस्म के तहत माता को 25 किलोग्राम चावल, 11 किलोग्राम दाल, घी, मसाले और श्रृंगार सामग्री भेंट की गई।
समारोह में राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा, बस्तर के सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, समिति के उपाध्यक्ष बलराम मांझी सहित मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरीन, नाईक-पाईक और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
गणेश शंकर मिश्रा के शामिल होने का विशेष महत्व रहा। वे पूर्व में बस्तर जिले के कलेक्टर और बस्तर संभाग के आयुक्त के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान माता मावली की विदाई को भव्य स्वरूप देने तथा क्षेत्र के सांस्कृतिक विकास के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। पारंपरिक रस्मों के संपन्न होने के साथ ही बस्तर की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े इस अनूठे पर्व का औपचारिक समापन हुआ।