Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

महाराष्ट्र वन विभाग के अध्ययन दल ने बोड़ला शहद प्रसंस्करण केंद्र का किया भ्रमण

कवर्धा। जिला यूनियन कवर्धा द्वारा संचालित शहद प्रसंस्करण केंद्र, बोड़ला में महाराष्ट्र वन विभाग के नागपुर वनमंडल के आठ सदस्यीय अध्ययन दल ने भ्रमण कर शहद संग्रहण से लेकर विपणन तक की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान दल ने शहद प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग और भंडारण की प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।

केंद्र पहुंचने पर जिला यूनियन कवर्धा के उप प्रबंध संचालक दीपक पटेल ने अध्ययन दल का स्वागत किया। केंद्र के मैनेजर कुलदीप पटेल ने सदस्यों को शहद संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता बनाए रखने, भंडारण, पैकेजिंग और विपणन की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य लघु वनोपज आधारित आजीविका गतिविधियों, मूल्य संवर्धन और सामुदायिक उद्यमों के विकास के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन करना था। अध्ययन दल ने विशेष रूप से शहद के प्रसंस्करण और विपणन प्रणाली में रुचि दिखाई। साथ ही, स्थानीय वनोपज संग्राहकों के लिए रोजगार सृजन और आय बढ़ाने की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी ली।

अध्ययन दल ने शहद प्रसंस्करण केंद्र की कार्यप्रणाली को उपयोगी बताया। इस प्रकार के भ्रमण से विभिन्न राज्यों के वन विभागों को एक-दूसरे के अनुभवों और कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है। इससे लघु वनोपज के बेहतर उपयोग, मूल्य संवर्धन और स्थानीय समुदायों की आजीविका को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

इस अवसर पर नागपुर वनमंडल के उप वनमंडलाधिकारी गोविंदा लुचे, आठ सदस्यीय अध्ययन दल, जिला यूनियन कवर्धा के उप प्रबंध संचालक दीपक पटेल, वनधन विकास केंद्र कवर्धा के मैनेजर कुलदीप पटेल, समूह के सदस्य और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *