ग्राम लब्दा में कोदो प्रसंस्करण का शैक्षणिक भ्रमण, 31 प्रतिभागियों ने सीखी उत्पादन और विपणन की प्रक्रिया
कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम लब्दा में मां सरस्वती स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कोदो प्रसंस्करण गतिविधि का अवलोकन करने के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। शिखर युवा मंच एवं सीएमएस फाउंडेशन के सहयोग से हुए इस भ्रमण में निर्माण संस्था, जिला मंडला, मध्यप्रदेश के प्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित कुल 31 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 25 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल रहे।
भ्रमण के दौरान मां सरस्वती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिभागियों को कोदो प्रसंस्करण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसमें कोदो की खरीदी, साफ-सफाई, दराई, पैकेजिंग और विपणन की प्रक्रिया के साथ उत्पादन लागत, बिक्री, लाभ तथा दस्तावेजों के संधारण की जानकारी साझा की गई।
प्रतिभागियों ने सीखी प्रसंस्करण की बारीकियां
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने कोदो की दराई प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास भी किया। उन्होंने समूह की महिलाओं के अनुभवों को समझा और स्थानीय स्तर पर मोटे अनाज के प्रसंस्करण से आजीविका के अवसर विकसित करने की संभावनाओं पर जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर मां सरस्वती स्वयं सहायता समूह से 20 किलोग्राम कोदो का क्रय भी किया गया। इससे स्थानीय उत्पाद की बिक्री को प्रोत्साहन मिला और समूह की महिलाओं के विपणन प्रयासों को समर्थन प्राप्त हुआ।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
शिखर युवा मंच के संस्था प्रमुख भूपेश वैष्णव ने कहा कि ग्राम लब्दा की मां सरस्वती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कोदो प्रसंस्करण और विपणन गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं की कार्यक्षमता विकसित करना, उनके उत्पादों के विपणन के अवसर बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विभिन्न संस्थाओं और महिला समूहों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान होता है। इससे स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में शिखर युवा मंच की ओर से अयोध्या जायसवाल, संतोष साकत, विष्णु मेरावी, श्रीमती कमलेसिन मस्कोले एवं श्रीमती नंदनी मरकाम उपस्थित रहे।
यह शैक्षणिक भ्रमण महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका मजबूत करने और मोटे अनाज के प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।