Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

धर्मनगरी शिवरीनारायण में प्रतिदिन हो रही भव्य महानदी महाआरती, हजारों श्रद्धालु हो रहे शामिल

स्वच्छता का संकल्प ही महाआरती का शुल्क, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई विशिष्ट अतिथि हो चुके हैं शामिल

हितेश मरावी | जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की पावन धर्मनगरी शिवरीनारायण में महानदी के चौपाटी घाट पर प्रतिदिन शाम 6:30 बजे भव्य महानदी महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, 14 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुई इस महाआरती में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर रहे हैं।

महानदी के पावन तट पर सैकड़ों दीपों की रोशनी, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और आरती का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ नदी संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी दे रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई विशिष्ट अतिथि हुए शामिल

आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित विशेष महानदी महाआरती में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी पत्नी कौशल्या साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा दीदी प्रज्ञा भारती सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।

इसके अलावा, 16 अक्टूबर को वृंदावन धाम से पधारे सद्गुरु श्री रितेश्वर जी महाराज के सान्निध्य में भी भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, कलेक्टर, प्रभारी पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिदेशक (DGP) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस आयोजन में सहभागिता कर चुके हैं।

निःशुल्क महाआरती, स्वच्छता का संकल्प ही शुल्क

महानदी महाआरती की खास बात यह है कि इसमें शामिल होने या मुख्य यजमान बनने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। श्रद्धालुओं से केवल स्वच्छता बनाए रखने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने का संकल्प लेने की अपील की जाती है।

श्रद्धालुओं से कहा जाता है कि वे महानदी सहित किसी भी नदी, तालाब, कुएं या अन्य जलस्रोत में प्लास्टिक, डिस्पोजेबल सामग्री और कचरा न डालें। जलस्रोतों को स्वच्छ रखना ही इस महाआरती का वास्तविक उद्देश्य और संदेश बताया गया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से की अपील

नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे एक बार धर्मनगरी शिवरीनारायण पहुंचकर भव्य महानदी महाआरती का दर्शन अवश्य करें और इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें।

महानदी के तट पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था से जोड़ने के साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी देता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *