राष्ट्रपति भवन में बनेगा ‘इंडियन हर्बल हेरिटेज गार्डन’? राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के समक्ष रखा गया प्रस्ताव
विकास मरकाम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जनजातीय स्वास्थ्य परंपराओं, औषधीय पौधों के संरक्षण और आदिवासी किसानों की आत्मनिर्भरता पर दी जानकारी
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर स्थित लोकभवन में आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जनजातीय स्वास्थ्य परंपराओं के संरक्षण, औषधीय पौधों के संवर्धन और आदिवासी किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। साथ ही राष्ट्रपति भवन परिसर में ‘इंडियन हर्बल हेरिटेज गार्डन’ स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने जनजातीय क्षेत्रों में पीढ़ियों से संरक्षित पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान और औषधीय वनस्पतियों के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान पारंपरिक वैद्यों के ज्ञान के संरक्षण, उनके पंजीयन एवं प्रमाणन तथा औषधीय पौधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी गई।
लखपति योजना से आदिवासी किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे आदिवासी किसानों ने लखपति योजना से अपने जीवन में आए बदलावों और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्राप्त अनुभवों को राष्ट्रपति के साथ साझा किया। किसानों ने आजीविका संवर्धन और आय बढ़ाने से जुड़े अपने अनुभव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जनजातीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित करने के विषय पर भी चर्चा हुई।
राष्ट्रपति भवन में ‘इंडियन हर्बल हेरिटेज गार्डन’ बनाने का प्रस्ताव
प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के माध्यम से राष्ट्रपति भवन परिसर में ‘इंडियन हर्बल हेरिटेज गार्डन’ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इस पहल का उद्देश्य भारत की समृद्ध औषधीय वनस्पति विरासत को संरक्षित करना, पारंपरिक ज्ञान को पहचान दिलाना और औषधीय पौधों के महत्व को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रस्ताव पर राष्ट्रपति ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे आगामी समय में साकार करने की दिशा में आश्वासन दिया। यदि यह पहल आगे बढ़ती है, तो इससे भारत की पारंपरिक स्वास्थ्य विरासत, जैव विविधता और जनजातीय समाज के पीढ़ियों से संचित ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल सकता है।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
विकास मरकाम के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात में धमतरी जिला पंचायत सदस्य एवं प्रगतिशील कृषक अजय कुमार ध्रुव, वैद्यराज दशरथ नेताम, वैद्यराज जानकी प्रसाद पुलस्त्य, वैद्यराज रामलाल कुंजाम, कृषक लकेश नेताम और सामाजिक कार्यकर्ता आशू पोडेटी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने जनजातीय परंपराओं के संरक्षण, किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता और औषधीय पौधों के संवर्धन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा। प्रस्तावित हर्बल हेरिटेज गार्डन को भारत की प्राचीन औषधीय विरासत और प्रकृति-आधारित पारंपरिक ज्ञान को नई पहचान दिलाने की पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।