नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के निवास पर सुनी गई प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’, स्वदेशी अपनाने पर जोर
नगरी समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड को नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के निवास पर जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री के संदेशों, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में ‘मन की बात’ के 12 वर्षों के सफर का उल्लेख करते हुए देशवासियों के स्नेह और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे सकारात्मक बदलावों, जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को साझा करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महिलाओं की आत्मनिर्भरता, उनके हुनर और मेहनत के साथ देश के विकास में उनकी भागीदारी की सराहना की गई। प्रधानमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और देश की प्रगति में योगदान देने का संदेश भी दिया। साथ ही उन्होंने देशवासियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पूर्व जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम, पूर्व सरपंच महेंद्र नेताम, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष एवं महिला एवं बाल विकास विभाग सभापति चलेश्वरी साहू, सभापति अश्विनी निषाद, शंकर देव, अंबिका ध्रुव और आर.पी. साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वदेशी उत्पादों, आत्मनिर्भरता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।