शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों को पिलाने का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर उधारी के 10 लाख रुपये लौटाने के दबाव से परेशान होकर शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों को पिला दिया था। पुलिस ने घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया भी जब्त की है।
पुलिस को 24 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम कुटराबोड़ में हेलीपैड के पास स्थित चखना दुकान में शराब पीने के बाद ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे और नेवराबंद निवासी रामखिलावन जांगड़े की तबीयत बिगड़ गई थी। दोनों को उपचार के लिए बिलासपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरखुरानी की जानकारी मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे ने शिकायत में बताया कि राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने उसके पिता से करीब चार महीने पहले घरेलू खर्च के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए थे। बाद में आरोपी ने रकम लौटाने के लिए दो चेक दिए, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए थे। 23 अक्टूबर को जोहित खरे ने रुपये वापस करने के संबंध में आरोपी से फोन पर बात भी की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने राजा खरे और मुकेश कश्यप से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, मुकेश ने शराब खरीदकर राजा को दी थी। इसके बाद राजा ने कथित तौर पर अपने पास रखे सुहागा को शराब में मिलाया और जोहित खरे तथा रामखिलावन जांगड़े को पिला दिया। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने उधारी की रकम लौटाने के दबाव और व्यापार में नुकसान के कारण वारदात की योजना बनाने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से खाली शराब की बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।