छिरहा स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता, गुंजन दिवाकर ने हासिल किया प्रथम स्थान
कवर्धा। ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय हाई स्कूल छिरहा में राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता ‘नेशनल पेंटिंग कम्पिटिशन ऑन एनर्जी कंजर्वेशन-2026’ के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से ऊर्जा बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया।
भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय द्वारा ऊर्जा दक्षता ब्यूरो और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के सहयोग से देशभर में ऊर्जा संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी अभियान के तहत छिरहा स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऊर्जा के महत्व और उसके विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश चन्द्रवंशी ने बताया कि दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण की आदतों को प्रोत्साहित करने और इस विषय का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के कुल 18 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।
गुंजन दिवाकर प्रथम, रितु यादव को मिला दूसरा स्थान
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिजली की बचत, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के उपयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। कक्षा दसवीं की छात्रा गुंजन दिवाकर ने अपनी कलाकृति के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रितु यादव द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि ऊर्जा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करके प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने में योगदान दिया जा सकता है। बिजली की अनावश्यक खपत रोकना और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश चन्द्रवंशी, व्याख्याता रंजीता माहेश्वरी, कल्पना मरावी, वीणाक्षी नामदेव सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और दैनिक जीवन में बिजली की बचत करने का संकल्प लिया। इस आयोजन के जरिए बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर मिला।