Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

मनेंद्रगढ़ के सरस्वती विकास विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराधों की दी जानकारी

मनेंद्रगढ़। बचपन बचाओ आंदोलन के अंतर्गत सुरक्षित बचपन अभियान एवं पॉक्सो एक्ट, 2012 के संबंध में अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान के तहत सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सरस्वती विकास विद्यालय उच्चतर माध्यमिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, संरक्षण और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष यशवंत वासनिकर, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरिता दास, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राकेश कुमार सोरी एवं सुमित नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना डर के उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता के महत्व पर चर्चा की गई।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके

साइबर सेल के सदस्य राकेश तिवारी एवं अनीता सिंह ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराधों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा करने तथा इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय लापरवाही बरतने से बचने की सलाह दी।

ईमानदारी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार ने विद्यार्थियों को निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने अच्छे संस्कार अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।

तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष यशवंत वासनिकर ने भ्रष्टाचार एवं अपराध के विरुद्ध जागरूकता पर जोर दिया और उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

विद्यालय समिति के अध्यक्ष पूनम चंद अग्रवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी जानकारी देना उनके सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र अजय विश्वकर्मा एवं अंजनी यादव सहित विद्यालय के शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य वेद प्रकाश पाण्डेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *