Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

मुंगेली के स्वामी आत्मानंद विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को बताए तनाव से निपटने के उपाय

मुंगेली। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद विद्यालय, दाऊपारा मुंगेली में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक रोगों की पहचान, उनसे बचाव तथा दैनिक जीवन में तनाव और परीक्षा के दबाव से निपटने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. गुप्ता, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार, जिला नोडल अधिकारी डॉ. संजय ओबेरॉय एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे के निर्देशन और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यरत कम्युनिटी नर्स रूपाली मसीह, साइकेट्रिक नर्स श्वेता सोनी तथा सोशल वर्कर विजय यादव, हरीश कुमार सेवा, विकास जैन, विजेन्द्र देवांगन एवं विश्वनाथ चंद्राकर ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को समय रहते पहचानने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने के महत्व पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि पढ़ाई, परीक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ा तनाव सामान्य हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक चिंता, उदासी या मानसिक परेशानी बने रहने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अपनी भावनाओं को परिवार, शिक्षकों अथवा भरोसेमंद व्यक्तियों के साथ साझा करना और जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लेना आवश्यक है। इसे हेल्प-सीकिंग बिहेवियर (Help-seeking Behavior) के रूप में समझाया गया।

इसके साथ ही मानसिक रोगों एवं नशे की समस्या से संबंधित उपचार सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जिला चिकित्सालय के स्पर्श क्लिनिक, कक्ष क्रमांक 10 में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और नशामुक्ति के लिए नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

कार्यक्रम के दौरान टेली-मानस (Tele-MANAS) की नि:शुल्क हेल्पलाइन 14416 के बारे में भी जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य मानसिक परेशानी से जूझ रहे लोगों को समय पर सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करना और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *