Rudrapath Advertisement
Rudrapath
ब्रेकिंग

पालक सम्मेलन और सम्मान समारोह को यादगार बनाने किया पौधारोपण, शिक्षाविद एससी प्रधान का सम्मान

महासमुंद। प्राथमिक विद्यालय सलिहाभांठा में पालक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद स्कूल, पटेवा के पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद एससी प्रधान का पालकों और शाला प्रबंधन समिति की ओर से सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और विद्यालय को मिली प्रेरणा के लिए बच्चों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।

फलदार पौधे लगाकर यादगार बनाया समारोह

सम्मान समारोह के इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए शिक्षाविद एससी प्रधान ने विद्यालय परिसर में आमड़ा और चालटा के फलदार पौधे लगाए। इस पहल के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और पौधों के महत्व का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर श्री प्रधान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सीखने के लिए अधिक से अधिक प्रश्न पूछने चाहिए। अपने प्रश्नों के उत्तर खोजने के लिए पूरी लगन से प्रयास करना चाहिए और आसपास के वातावरण तथा लोगों से सीखने की कोशिश करनी चाहिए।

उन्होंने सलिहाभांठा के पालकों, विशेषकर माताओं की सराहना करते हुए कहा कि मां बच्चे की प्रथम गुरु होती है। बच्चों को बेझिझक अपनी बात रखने और स्वतंत्र रूप से सोचने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

इको क्लब के विद्यार्थियों ने साझा की विद्यालय की गतिविधियां

कार्यक्रम का मंच संचालन इको क्लब की सांस्कृतिक मंत्री प्रियंका ने किया। इको क्लब की प्रधानमंत्री हिमांशी, उपप्रधानमंत्री मीरा और सचिव वेनुष ने विद्यालय में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही पालकों से भविष्य के लिए सुझाव और मार्गदर्शन भी मांगे।

प्रधानपाठक योगेश निर्मलकर ने बताया कि विद्यालय में बच्चों की मंच संचालन करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की क्षमता में वृद्धि हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को विद्यालय के लिए सकारात्मक उपलब्धि बताया।

इस मौके पर तिलक साहू और भुवन साहू ने एससी प्रधान को शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने भी उनके अध्ययन काल और सेवाकाल से जुड़े प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

विद्यालय को गोद लेकर शिक्षा को सशक्त बनाने की पहल

समारोह के दौरान एससी प्रधान ने विद्यालय को गोद लेने की बात कही। उन्होंने विद्यालय से लगातार जुड़े रहने और बेहतर कार्ययोजना के माध्यम से बच्चों की शिक्षा को और सशक्त बनाने के लिए मिलकर काम करने की इच्छा व्यक्त की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक रामेश्वर ढीढी, तिलक साहू और त्रिलोकी साहू का विशेष योगदान रहा।

पालकों और ग्रामीणों की रही सहभागिता

इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, तुमगांव के प्रधानाचार्य देवेंद्र निर्मलकर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पिरीत राम साहू, विधायक प्रतिनिधि भुवन साहू, देवकी सिन्हा, टिकेश्वरी दीवान, बीना यादव, भुनेश्वरी सिन्हा, लक्ष्मी दीवान, वंदना ध्रुव, हीराबाई साहू, जिज्ञासा साहू, कचरी बरिहा, सेतबाई दीवान, गोदावरी दीवान, नीरा दीवान, दौलत राम दीवान, दल्लूराम यादव, भोजराम साहू, तिलक यादव, यादराम साहू, गुलाब ध्रुव, भुनेश्वर साहू और हुलश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने शिक्षा, पालक सहभागिता, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *